सुल्तानपुर। शहर के सीताकुंड स्थित चित्रगुप्त धाम पर रविवार को कायस्थ समाज के लोगों ने कथा व हवन पूजन कर कलम पूजन किया। कोविड-19 संक्रमण की वजह से इस बार बड़ा आयोजन नहीं किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पिछले साल किए गए कार्यों का लेखा जोखा प्रस्तुत किया गया। श्री चित्रगुप्त धाम मंदिर सीताकुंड पर कोरोना काल में जारी गाइड लाइन के साथ एकत्र होकर यम द्वितीया पर विशेष हवन पूजन के साथ कलम पूजन का आयोजन किया गया।
कोरोना के चलते पिछले साल की तरह सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह नहीं आयोजित किया जा सका लेकिन परंपरागत तरीके से कथा और हवन पूजन के साथ कलम पूजन किया गया।
मुख्य यजमान के रूप में राज कुमार खरे व उनकी पत्नी शामिल हुईं। संस्थापक बाबा गोपाल दास के माल्यार्पण से कार्यक्रम की शुरुआत की गई। संस्था के अध्यक्ष जीतेंद्र श्रीवास्तव ने अपने सहयोगियों के साथ चित्रांश अतिथियों का आभार व्यक्त किया।