सुल्तानपुर। यूपी पीसीएस-जे में जिले की बेटियों ने सफलता का परचम लहराया है। जाह्नवी वर्मा को पांचवीं, निवेदिता सिंह को 19वीं और रूपाली सिंह को 158वीं रैंक हासिल हुई है। बेटियों की सफलता पर परिजनों में खुशी का माहौल है।
पांचवीं रैंक हासिल करने वाली शहर के बघराजपुर निवासी जाह्नवी वर्मा ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से वर्ष 2020 में बीए किया। एलएलबी में गोल्ड मेडलिस्ट रहीं जाह्नवी की शुरुआती शिक्षा महर्षि विद्यामंदिर योगीवीर से हुई थी। किसान परिवार में जन्मी जाह्नवी के पिता जगदीश वर्मा अपने मूल गांव दोस्तपुर ब्लॉक के खालिसपुर दुर्गा में खेती-बाड़ी करते हैं। मां शीला वर्मा सीएचसी भादर से हेल्थ सुपरवाइजर पद से सेवानिवृत्त हुई हैं।
जयसिंहपुर क्षेत्र के बेलहरी गांव निवासी निवेदिता सिंह ने भी पीसीएस-जे में शानदार प्रदर्शन किया है। उनको 19वीं रैंक हासिल हुई है। डॉ. जय प्रकाश सिंह की पुत्री निवेदिता ने नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी बंगलुरू से एलएलएम की पढ़ाई की है। वर्तमान समय में वह चंढीगढ़ हाईकोर्ट में लीगल रिसर्चर के पद पर तैनात हैं। उनके चाचा व राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिला संयोजक अशोक सिंह ने बताया कि निवेदिता शुरू से ही मेधावी रही हैं। पहले प्रयास में यूपी पीसीएस-जे की परीक्षा उत्तीर्ण की है। परिवार में खुशी का माहौल है।
जयसिंहपुर क्षेत्र के ही रूपनाथपुर खरसोमा गांव निवासी दिनेश कुमार सिंह की पुत्री रूपाली सिंह ने भी पीसीएस-जे की परीक्षा में 158वीं रैंक हासिल की है। कमला नेहरू विधि संस्थान से वर्ष 2022 में एलएलबी पंच वर्षीय पाठ्यक्रम में गोल्ड मेडलिस्ट रहीं रूपाली की प्रतिभा से उनके शिक्षक भी प्रभावित रहे हैं। शुरुआती शिक्षा स्टेला माॅरिस कान्वेंट स्कूल से हासिल की। रूपाली के चाचा पवन सिंह ने बताया कि बचपन से ही मेधावी रही रूपाली ने मात्र छह माह की कोचिंग में यह सफलता हासिल की है।