श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारी जिले में जोर-शोर से शुरू हो गई है। पिछले साल की तरह इस बार भी जन्माष्टमी पर पुलिस लाइंस में लोगों को मथुरा की झांकी देखने को मिलेगी। जिला कारागार और पुलिस लाइंस में मंदिर की साज-सज्जा का कार्य शुरू हो गया है।
शहर समेत ग्रामीण अंचलों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियां शुरू हो गई हैं। भाद्र पद माह के कृष्ण पक्ष अष्टमी की मध्यरात्रि को अत्याचारी कंस का विनाश करने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने अवतार लिया था। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन मौके पर भगवान कान्हा की मोहक छवि देखने के लिए पुलिस लाइंस में दूर-दूर से श्रद्धालु आते हैं। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर पूरा पुलिस लाइंस परिसर कृष्णमय हो जाता है।
जन्माष्टमी के दिन महिला-पुरुष रात 12 बजे तक व्रत रखते हैं। पिछले साल की तरह इस बार भी पुलिस लाइंस के राधा-कृष्ण मंदिर में लोगों को मथुरा मंदिर का स्वरूप देखने को मिलेगा। पहाड़, जमुना नदी व भगवान शंकर की जटा से निकलने वाली अलौकिक धारा का श्रद्धालु दर्शन करेंगे। पुलिस लाइंस परिसर में भगवान श्रीकृष्ण की जन्म स्थली मथुरा का स्वरूप देखने के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ेगा। वहीं, जिला कारागार में भी भगवान श्रीकृष्ण मंदिर की साज-सज्जा को अंतिम रूप देने में लोग जुटे हैं।
इनसेट:
इन स्थानों पर सजती हैं झांकियां
भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव पर शहर के विभिन्न स्थानों पर आकर्षक झांकियां सजाई जाती हैं। पयागीपुर चौराहा, गभड़िया, सब्जी मंडी, चौक, गंदानाला रोड, शाहगंज चौराहा व डाकखाना चौराहे पर झांकियां सजने लगी हैं। इसके अलावा बस स्टेशन के पास स्थित गोपीगली, गोलाघाट, सीताकुंड व नॉर्मल चौराहा समेत कई मोहल्लों में भी राधा-कृष्ण की झांकी को अंतिम रूप दिया जा रहा है।