गोलाघाट पर सजा गणेश जी का पंडाल।-
सुल्तानपुर। गणेश चतुर्थी से उत्सव की धूम है। शहर और गांवों में सजे पंडालों में गणपति बप्पा के जयकारे गूंज रहे हैं और सामूहिक आरती में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। श्रद्घालु गणेश जी की पूजा-अर्चना कर मोदक अर्पित कर रहे हैं।
शाहगंज, डीएम आवास के सामने, सब्जी मंडी, ठठेरी बाजार, चौक और पंचरास्ता व अन्य जगहों पर बने पंडालों में सुबह-शाम विशेष पूजा-अर्चना हो रही है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को सामूहिक आरती के दौरान महिलाएं दीपक जलाकर शामिल हुईं तो युवाओं की टोली ढोल-नगाड़ों और गीतों पर झूम उठी। बच्चों ने भी रंग-बिरंगी पोशाक पहनकर गणपति बप्पा से आशीर्वाद लिया। समितियों ने श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद व भंडारा किया।
झांकी सजाकर गणपति की हुई पूजा
भदैंया। भक्तों ने भगवान गणपति की झांकी सजाकर पूजा-पाठ शुरू कर दिया है। शाम को पंडालों में होने वाली सामूहिक आरती में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट रही है। हनुमानगंज, कामतागंज, बेलसौना व कई गांवों में भगवान गणपति की झांकी सजाई गई है। हनुमानगंज बाजार में प्रधान सूरज सिह की अगुवाई में बनाए गए पंडाल में भगवान गणेश की मूर्ति स्थापित की गई है, साथ ही तोरण द्वार बनाया गया है। बेलसौना व बाबूगंज बाजार में भी गणेश उत्सव की धूम मची है। बुधवार को गांव में विघ्नहर्ता की प्रतिमा पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने गाजे-बाजे के साथ बप्पा का स्वागत किया। प्रतिमा स्थापना के दौरान गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से आसपास का माहौल भक्तिमय हो गया।
हनुमानगंज में डीजे के साथ मूर्ति पंडाल तक लाई गई। मूर्ति की नेत्र पट्टिका खोलने के बाद पूजन व आरती की गई। इस दौरान सूरज सिंह, अजय, रवि कसौंधन, रवि पांडेय, सत्यम सिंह व अन्य लोग मौजूद रहे। संवाद