दोस्तपुर (सुल्तानपुर)। दोस्तपुर ब्लॉक के निरीक्षण में क्षेत्र पंचायत की कार्ययोजना की धनराशि पत्रावलियों में गड़बड़ी मिली है। धनराशि रजिस्टर के प्रथम, द्वितीय व तृतीय पार्ट की समीक्षा में एक करोड़ रुपया डंप मिला है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी जताई है। सीडीओ ने जिला विकास अधिकारी को जांच के निर्देश दिए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी अतुल वत्स ने शनिवार को ब्लॉक दिवस पर दोस्तपुर विकास खंड का निरीक्षण किया। क्षेत्र पंचायत से कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा में सीडीओ को बड़ी गड़बड़ी मिली है। ग्रांट (धनराशि) रजिस्टर की प्रथम, द्वितीय व तृतीय पार्ट की समीक्षा में एक करोड़ रुपया डंप पाया गया है। चालू वित्तीय वर्ष की क्षेत्र पंचायत कार्ययोजना की समीक्षा में पत्रावलियों में बड़ी गड़बड़ी पाई गई है। इसके पहले की कार्ययोजना में भी बड़ी गड़बड़ी का मामला पाया गया है।
सीडीओ ने नाराजगी जताते हुए जिला विकास अधिकारी को जांच का निर्देश दिया है। इसके साथ ही पंचायतराज विभाग के कार्यों की समीक्षा जिला पंचायतराज अधिकारी ने की। सीडीओ ने स्वयं सहायता समूह समेत अन्य कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने ब्लॉक के भवन का जायजा लेते हुए निष्प्रयोज्य भवनों को गिरवाने का निर्देश दिया। लक्ष्य के सापेक्ष समूहों के गठन का निर्देश दिया है।
सीडीओ से नरसिंहपुर निवासी दिव्यांग संतोष कुमार ने पीएम आवास की शिकायत पोर्टल पर गलत करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की। कस्बे के झिनकू निषाद ने पेंशन के संबंध में शिकायत की। सीडीओ ने संबंधित को जांच का निर्देश दिया। इस मौके पर संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।