सुल्तानपुर। दो दिन पूर्व पिटाई से घायल युवक की बुधवार देर रात इलाज के दौरान ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना बृहस्पतिवार सुबह मिलते ही पुलिस अधिकारी हरकत में आ गए और ताबड़तोड़ गिरफ्तारी दिखाते हुए दोनों पक्षों में तनाव को कम करने की कोशिश की। शाम को लखनऊ से जैसे ही युवक का शव गांव पहुंचा, कोहराम मच गया। तनाव देखते हुए पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी पीएसी के साथ मौके पर कैंप कर रहे हैं।
कोतवाली नगर क्षेत्र के ढकवा गांव निवासी इरफान का रामनगर तिराहे के पास मेडिकल स्टोर है। पिछले मंगलवार को दुकान पर बैठे इरफान की इमिलिया कलां निवासी राहुल सिंह आदि ने लोहे के रॉड व डंडे से पिटाई की थी। इससे नाराज ढकवा गांव के लोगों ने राहुल सिंह की बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान, जेसीबी व बाइक फूंक दी थी। डंपर को तोड़ दिया था।
पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज किया था। गंभीर रूप से घायल इरफान को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान बुधवार देर रात उसकी मौत हो गई। इरफान की मौत की सूचना बृहस्पतिवार भोर जैसे ही जिले में पहुंची तो पुलिस-प्रशासन सतर्क हो गया।
अचानक एक्शन में आई पुलिस ने इरफान की पिटाई में शामिल सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया, वहीं आगजनी व बलवा के मामले में इरफान पक्ष से भी तीन लोगों को धर दबोचा। बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे लखनऊ से इरफान का शव ढकवा गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया।
तनाव देखते हुए पहले से ही सतर्क पुलिस-प्रशासन ने शव को सुपुर्द-ए-खाक करने का आग्रह किया लेकिन घरवालों ने बताया कि परिवार के कुछ लोग बाहर हैं। उनके आते ही शुक्रवार को शव को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। एहतियात के तौर पर गांव में एसडीएम रामजी लाल व एएसपी सिटी डॉ. मीनाक्षी कात्यायन कैंप कर रही हैं।
ढकवा गांव निवासी इरफान के पिता मोहम्मद जलील और मां फातिमा की कई साल पहले मौत हो चुकी है। इरफान के कंधों पर अपने चार भाइयों के साथ ही पत्नी व बच्चों की परवरिश की जिम्मेदारी थी। घरवालों ने बताया कि भाइयों में आजाद, शहजाद, अनवर व इरशाद हैं। इरफान सबसे छोटा था। इरफान के बड़े भाई एजाज की करीब 12 वर्ष पूर्व ही मौत हो गई थी। घर में बचे चार अन्य भाई मजदूरी करते हैं।
ढकवा गांव में जैसे ही इरफान का शव पहुंचा, कोहराम मच गया। इरफान की पत्नी परवीन बानो बेसुध हो गई। परवीन के दो बच्चे हैं। इनमें बेटा ईशान (8) व अरहान (4) हैं। इरफान अपने दोनों बच्चों को बेहतर शिक्षा देना चाहता था। दोनों बच्चों का शहर के एक स्कूल में एडमीशन भी कराया था।
रामनगर तिराहा मोड़ के पास मेडिकल स्टोर में घुसकर इरफान पर जानलेवा हमला करने के आरोप में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है। नगर कोतवाल केबी सिंह के अनुसार संदीप सिंह उर्फ विनय सिंह, राहुल सिंह उर्फ प्रवीण कुमार सिंह, दिनेश दीक्षित उर्फ मनीष, विनोद दीक्षित निवासी इमिलिया कलां, सूबेदार उर्फ मोहम्मद हासिर निवासी पूरे भाव सिंह का पुरवा कोतवाली नगर, नंदू तिवारी निवासी शीतल तिवारीपुर थाना कुड़वार और केशरी उपाध्याय उर्फ मामा निवासी कमरुद्दीनपुर थाना नवाबगंज, प्रयागराज को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। कोतवाल ने बताया कि पूर्व में दर्ज मुकदमे में धारा 302 की बढ़ोतरी की जाएगी।
नगर कोतवाली पुलिस ने राहुल सिंह की बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान, जेसीबी व बाइक फूंकने के आरोप में निसार अहमद उर्फ बबलू, शहजाद और अनवर अहमद निवासी ढकवा कोतवाली नगर को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, जहां से मजिस्ट्रेट ने तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।