सुल्तानपुर। कानपुर में तैनात दरोगा अंकुर सिंह के पिता विजय प्रताप सिंह की हत्या के मामले में जेल भेजे गए आरोपी सौरभ पांडेय की पुलिस कस्टडी रिमांड देने के लिए विवेचक की तरफ से बृहस्पतिवार को सीजेएम कोर्ट में अर्जी दी गई।
शनिवार को सीजेएम नवनीत सिंह की अदालत का आदेश सामने आया। अदालत ने इस मामले में जेल से तलब हुए आरोपी की मांग पर उसे सुनवाई का अवसर दिया है। अदालत ने आरोपी की जमानत अर्जी व विवेचक की अर्जी पर सुनवाई के लिए 27 अप्रैल की तारीख तय की है।
कोर्ट ने तय तिथि पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये आरोपी सौरभ पांडेय को जेल से तलब किया है। जयसिंहपुर कोतवाली के बेलगरा निवासी उपनिरीक्षक अंकुर सिंह के पिता विजय प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने देवरिया जिले के सलेमपुर के निवासी आरोपी सौरभ पांडेय को जेल भेजा था। (संवाद)