कादीपुर। धोपाप-कादीपुर मार्ग पर कटसारी गांव के पास रविवार सुबह दो बाइक की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में एक बाइक पर सवार कटसारी गांव निवासी बीमा एजेंट आलोक शंखधर (50) की मौत हो गई। उनके पीछे बैठी उनकी पुत्री रिया (24) गंभीर रूप से घायल हो गईं। दूसरी बाइक पर सवार बरवारीपुर निवासी मुन्ना निषाद (23) व गोलू (32) घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना सुबह करीब 11:30 बजे हुई। आलोक शंखधर लंभुआ की ओर से अपनी पुत्री को बाइक पर पीछे बिठाकर कटसारी की ओर आ रहे थे। गांव के पास पहुंचते ही अचानक दुर्घटना हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आलोक ने हेलमेट नहीं पहना था।
दूसरी बाइक गोलू चला रहे थे। उन्होंने भी हेलमेट नहीं पहना था। घायलों को कादीपुर सीएचसी पहुंचाया गया। वहां से चारों को मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में आलोक शंखधर की मौत हो गई। घायलों का इलाज चल रहा है।
ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त बाइकों को सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया है। कादीपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी मिली है।
परिवार में मची चीख-पुकार
आलोक शंखधर के कंधों पर ही परिवार की जिम्मेदारी थी। घर पर उनकी पत्नी सरला बच्चों के साथ रहती हैं। पति की मौत व बेटी के घायल होने का पता चलने के बाद वह बेसुध हो गईं। बड़ी पुत्री रिया है। दूसरे नंबर का पुत्र रौनक (19) व सबसे छोटा पुत्र ऋषभ (17) है। आलोक की मौत से परिवार में चीख-पुकार मची है।