सुल्तानपुर। विधानसभा चुनाव पर नजर रखने के लिए पहुंचे प्रेक्षकों ने बुधवार को संवेदनशील व अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों का जायजा लिया। प्रेेक्षकों ने नामांकन कक्षों में पहुंचकर नाम निर्देशन पत्रों की जांच के काम को भी परखा। निरीक्षण के दौरान संबंधित को व्यवस्थाओं के संबंध में निर्देश दिए।
विधानसभा चुुनाव पर नजर रखने के लिए पहुंचे कादीपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रेक्षक वी सरवानन ने क्षेत्र के कादीपुरकलां, कटसारी समेत कई संवेदनशील व अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों का जायजा लिया। उन्होंने मतदान केंद्रों की सुविधाओं को भी परखा। संबंधित को पूरी तैयारी के निर्देश दिए।
सदर विधानसभा क्षेत्र के प्रेेक्षक वाघमारे प्रसाद कृष्णा ने संवेदनशील मतदान केंद्र सुरौली, जासापारा, बरौंसा समेत अन्य का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों की व्यवस्था को भी देखा। संबंधित को तैयारियों का निर्देश दिया।
इसौली विधानसभा क्षेत्र के प्रेक्षक एस सत्यनारायण बुधवार को कलेक्ट्रेट में बनाए गए इसौली के नामांकन कक्ष में पहुंचे। उन्होंने नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया का जायजा लिया। निर्वाचन अधिकारी वंदना पांडेय ने उन्हें खारिज व शेष नामांकनों की जानकारी दी। सुल्तानपुर व लंभुआ के प्रेक्षकों ने भी नामांकन पत्रों की जांच का जायजा लिया। मतदान केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं को परखा। इस मौके पर संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।