सुल्तानपुर। दो दिन पूर्व संदिग्ध हालात में घर में मृत मिली मासूम बच्ची की गला घोंटकर हत्या की गई थी। बच्ची के शव के पोस्टमॉर्टम में इसका खुलासा हुआ है। बच्ची के साथ दुष्कर्म की आशंका को देखते हुए दो चिकित्सकों ने स्लाइड बनाने के साथ ही उसके कपड़े भी जांच के लिए सुरक्षित रखे हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने तफ्तीश में तेजी ला दी है।
चांदा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में पिछले शनिवार को एक 10 वर्षीय बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। खेलने के बाद बच्ची घर में पहुंची थी। दोपहर बाद बच्ची के घर वाले कमरे में पहुंचे तो चारपाई पर उसका शव पड़ा था।
परिवारीजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा था। बच्ची की संदिग्ध मौत की जानकारी होने पर पुलिस अधीक्षक शिवहरि मीणा, एएसपी शिवराज ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया था।
रविवार को डॉ. राजेश मिश्र और डॉ. रमेश कुमार ने बच्ची के शव का पोस्टमॉर्टम किया। पोस्टमॉर्टम में गला घोंटने से उसकी मौत की पुष्टि हुई। बच्ची के साथ दुष्कर्म का अंदेशा होने पर चिकित्सक ने स्लाइड बनाकर जांच के लिए भेजा है। इसके साथ ही बच्ची के कपड़े को भी जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। चिकित्सकों ने बच्ची के गाल पर दांत से काटने का निशान भी पाया है।
बच्ची को अकेला पाकर दरिंदा आखिर घर में कैसे पहुंचा। पुलिस इसकी तह तक पहुंचने की कोशिश में लगी है। पुलिस को इस बात की आशंका है कि आरोपी गलत नीयत से बच्ची के पास पहुंचा रहा होगा। पहचान उजागर होने के डर से उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। बच्ची की हत्या करने वाला आरोपी आस-पास का हो सकता है।
एएसपी ग्रामीण शिवराज ने बताया कि बच्ची की मौत गला घोंटने से हुई थी। दुष्कर्म की आशंका को देखते हुए स्लाइड बनाने के लिए पुलिस ने कहा था। फिलहाल दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। बच्ची की हत्या करने वाले आरोपी तक पुलिस पहुंच चुकी है। मंगलवार को इसका खुलासा हो सकता है।