मेडिकल कॉलेज में काउंटर पर दवा लेने के लिए लगी मरीजों की भीड़।
सुल्तानपुर। मौसम परिवर्तन से मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में मरीजों की भीड़ बढ़ गई है। सोमवार को 2025 नए मरीजों ने पंजीयन कराया, जबकि लगभग 1500 से अधिक पुराने मरीज भी चिकित्सक को दिखाने आए। दवा काउंटर पर मरीजों की लंबी कतार लगी रही। डेंगू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए सभी बुखार के मरीजों की जांच कराई गई। अगस्त व सितंबर में डेंगू के 47 मरीज थे, जबकि अक्तूबर महीने में यह संख्या 48 पहुंच गई। जिले में अब तक 116 मरीज डेंगू के मिले हैं। डेंगू को लेकर स्वास्थ्य महकमा सतर्क है।
बदलते मौसम में लोग जुकाम, खासी, बुखार व सिरदर्द जैसी समस्या से परेशान हो रहे हैं। फिजिशियन डॉ. अविनाश चंद्र गुप्ता ने बताया कि सुबह हल्की ठंड व दिन में गर्मी से बुखार व जुकाम के मरीज बढ़ गए हैं। एहतियात के तौर पर मरीजों की जांच भी कराई जाती है। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. वंशीलाल ने बताया कि बुखार के मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए शहर व गांव में स्थान चिह्नित कर कैंप लगाया जा रहा है। यहां पर बुखार व जुकाम से पीड़ित मरीजों की जांच की जा रही है।
डेंगू के लक्षण
जिला सहायक मलेरिया अधिकारी डॉ. हरिश्चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि डेंगू के लक्षण की पहचान जरूरी है। बताया कि तेज बुखार व ठंड लगने, सिरदर्द और शरीर पर दाने, मांसपेशियों व जोड़ों में दर्द, उल्टी और मितली, रक्तस्राव, कमजोरी व थकान, भूख न लगने जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।