सुल्तानपुर। जिले में बुधवार को दिन में धूप निकल आने से तापमान में वृद्घि दर्ज की गई। कड़ाके की ठंड से परेशान लोगों को दिन में निकली धूप से काफी राहत मिल गई और तापमान में वृद्घि दर्ज की गई।
हालांकि, रात और सुबह के समय घना कोहरा रहने से वाहनों की स्पीड पर ब्रेक लग गया है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में आसमान में मध्यम बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई है। हवा सामान्य गति से पुरवा चलेगी।
बुधवार को सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण लोगों को आवाजाही में खासी परेशानी उठानी पड़ी। रात और सुबह के दौरान कोहरे में दृश्यता कम रहने से वाहनों की स्पीड पर ब्रेक लग गई।
दो पहिया व चार पहिया वाहन चालकों ने कोहरे में हेडलाइट जलाकर वाहन चलाया। सुबह करीब सात बजे से कोहरा साफ होना शुरू हो गया और आठ बजे तक धूप निकल आई। शहर समेत ग्रामीण इलाकों में जगह-जगह एकट्ठा होकर लोगों ने धूप का आनंद लिया। शाम तक रही धूप से तापमान में वृद्घि दर्ज की गई। हालांकि, शाम होने पर फिर ठंड शुरू हो गई।
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में आसमान में मध्यम बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। हवा सामान्य गति से पुरवा चलेगी। आचार्य नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के कृषि मौसम वैज्ञानिक अमरनाथ मिश्र ने बताया कि बुधवार को अधिकतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 18.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।