सुलतानपुर। शहर के घासीगंज वार्ड स्थित गोराबारिक (अमहट) में बृहस्पतिवार को नगर पालिका की ओर से बने आधुनिक वर्कशॉप/सर्विस स्टेशन का उदघाटन किया गया। करीब 1.75 करोड़ रुपये की लागत से बने इस वर्कशॉप के शुरू होने से नगर पालिका का सफाई बेड़ा और अधिक मजबूत हो गया है।
पालिकाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल ने कहा कि शहर में वाहनों की बढ़ती संख्या के चलते उनके रख-रखाव और व्यवस्थित पार्किंग की समस्या उत्पन्न हो रही थी। बताया कि परिसर में मिट्टी भरान, इंटरलॉकिंग खड़ंजा मार्ग, सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल, हल्के व भारी वाहनों के लिए अलग-अलग शेड, वाशिंग शेड, प्रशासनिक भवन, विश्राम कक्ष व प्रसाधन आदि की व्यवस्था की गई है। सफाई व्यवस्था से जुड़े वाहनों की पार्किंग, मरम्मत और मेंटेनेंस एक ही स्थान से सुचारु रूप से संचालित हो सकेगा। अधिशासी अधिकारी लाल चंद्र सरोज ने बताया कि वर्कशॉप के बेहतर संचालन के लिए कर्मचारियों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है। कार्यक्रम का संयोजन सभासद अंतिमा गुप्ता व संदीप गुप्ता ने किया।
इस मौके पर सभासद प्रवीण मिश्र, सफाई व खाद्य निरीक्षक अधूलिका, अवर अभियंता नीलम कुमारी, दिनेश चौरसिया, अफजल अंसारी, अरविंद कुमार यादव, गिरीश मिश्र, संजय कप्तान, अरशद हबीब, अजय सिंह, मनीष जायसवाल, मो. अहमद, रेनू सिंह, प्रदीप जायसवाल, रवि अग्रहरि मौजूद रहे।