भदैंया (सुल्तानपुर)। पंचायत चुनाव की रंजिश में शनिवार की रात नेकराही गांव में प्रधान और पूर्व प्रधान के बीच मारपीट हो गई। मारपीट में 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चार लोगों को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर 19 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के नेकराही में पूर्व प्रधान शकीला बानों और मौजूदा प्रधान शादाब के बीच चुनावी रंजिश चल रही है। शनिवार की रात दोनों परिवार के बच्चों के बीच शुरू हुए विवाद ने हिंसक रूप धारण कर लिया।
देखते ही देखते दोनों परिवार के बीच पत्थरबाजी के साथ ही लाठी-डंडे चलने लगे। हमले में पूर्व प्रधान के पति नसीम अहमद उर्फ़ बाबुल, शेबू, शब्बू और पप्पू घायल हो गए। दूसरे पक्ष से भी आठ लोग घायल हुए।
घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चार लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। पुलिस ने पूर्व प्रधान शकीला बानो की तहरीर पर मो. शाहिद, अब्बू अहमद, मो. नियाज, मो. नसीर समेत 11 लोगों पर जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया है।
दूसरे पक्ष के शादाब अहमद की तहरीर पर बाबुल, गोलू, फैजल व शेबू समेत आठ लोगों पर केस दर्ज किया है।