सुल्तानपुर। पंचायत चुनाव की मतदाता सूची बनाने के लिए चल रहे घर-घर सर्वे अभियान में नाम बढ़ाने के लिए बीएलओ की ओर से दर्ज नहीं किए जाने पर लोग ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। सत्यापन में सही आवेदन मिलने पर मतदाता सूची में नाम बढ़ाया जाएगा। हालांकि, निर्वाचन विभाग ने बीएलओ को प्रत्येक घरों का सर्वे करने का निर्देश दिया है।
सत्यापन के दौरान प्रत्येक घरों के मुखिया का अंगूठा लगवाने का निर्देश बीएलओ को दिया गया है, ताकि इससे सर्वे की पुष्टि हो सके। अपर जिलाधिकारी प्रशासन व उप जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव शुक्ल ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने पंचायत की मतदाता सूची में नाम बढ़ाने के लिए तीन विकल्प दिए हैं। जिसमें दो विकल्प बीएलओ के पास है। पहला सर्वे के दौरान बीएलओ युवक और युवतियों का नाम गणना पत्रक पर भरेंगे। दूसरे विकल्प में निर्वाचन एप पर बीएलओ ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। तीसरा विकल्प लोगों के पास है।
इसमें सर्वे से वंचित लोग निर्वाचन के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन स्वयं कर सकते हैं। लोगों के आवेदन का सत्यापन कराया जाएगा। 29 सितंबर तक चलने वाले सर्वे में बीएलओ को प्रत्येक घरों की गणना करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद हस्तलिपि व पांडुलिपि तैयार होगी।