करौंदीकला के इब्राहिमपुर घाट पर भूमि पूजन करते राज्य सूचना आयुक्त वीरेन्द्र सिंह वत्स व अन्य।
सुल्तानपुर। वर्षों से कायाकल्प की बाट जोह रहे करौंदीकला के इब्राहिमपुर घाट के दिन बहुरेंगे। समाजसेवी विवेक तिवारी ने पिछले सप्ताह घाट को 51 लाख रुपये की लागत से कायाकल्प कराने की बात कही थी। रविवार को पहुंचे राज्य सूचना आयुक्त वीरेंद्र सिंह 'वत्स' के साथ समाजसेवी विवेक तिवारी ने घाट पर विभिन्न कार्य कराने के लिए आधारशिला रखी।
राज्य सूचना आयुक्त ने कहा कि घाट पर रैंप, सड़क, 10 शेड का नवीन दाह संस्कार स्थल, प्रतीक्षालय, घाट पर आने जाने के लिए सीढ़ियां बनने से शव दाह के लिए पहुंचने वाले लोगों को सहूलियत मिलेगी। सुरक्षा के लिए पुलिस बूथ, बैरियर और सीसीटीवी कैमरा लगाया जाएगा। विवेक तिवारी ने बताया कि इसका कार्य जल्द पूरा होगा।
वीरेंद्र वत्स, विवेक तिवारी व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सर्वेश मिश्र ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर निर्माण की आधारशिला रखी। बताया कि क्षेत्रीय विधायक राजेश गौतम, प्रमुख प्रतिनिधि सर्वेश मिश्र के सहयोग से घाट का विकास कराया जाएगा। यहां दाह संस्कार करने के लिए आने वालों को सहूलियत होगी।