तीन दिन पूर्व हुई युवक की हत्या मामले का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया। पत्नी ने ही प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कराई थी। पुलिस ने आरोपी महिला को प्रेमी के साथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या आरोपी का खून से सना कपड़ा और मृतक का जूता भी बरामद किया है।
लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के परसरामपुर गांव निवासी बनवारी लाल का बेटा चंद्रपाल (40) पुणे में काम करता था। परिवारीजनों के अनुसार चंद्रपाल करीब 15 दिन पहले ही घर आया था। चंद्रपाल के पड़ोस में शादी थी जिसमें उसके रिश्तेदार भी आए हुए थे। रविवार की शाम करीब सात बजे चंद्रपाल क्षेत्र के चौबनवा गांव में निमंत्रण देने घर से निकला था।
देर रात तक जब वह घर वापस नहीं पहुंचा तो परिवारीजन चिंतित हो उठे। खोजबीन शुरू हुई तो चंद्रपाल का शव घर से करीब पांच सौ मीटर दूर सड़क किनारे मिला था। पुलिस ने पिता बनवारी लाल की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।
सीओ लंभुआ सतीश चंद्र शुक्ल ने बताया कि चंद्रपाल की पत्नी कमला देवी का गांव के ही अजय कुमार से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसकी जानकारी जब चंद्रपाल को हुई तो उसने विरोध शुरू कर दिया।
प्रेम में बाधा बनने पर कमला ने अजय के साथ मिलकर चंद्रपाल की हत्या की साजिश रची थी। अजय ने चंद्रपाल की बसुली से मारकर हत्या कर दी थी। कमला देवी ने चंद्रपाल के कपड़े को छिपाकर रखा था। बुधवार को दोनों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर हत्या के वक्त पहना गया अजय का खून से सना कपड़ा और मृतक का जूता बरामद किया गया है।
सीओ ने हत्या मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम के प्रभारी कोतवाल लंभुआ सुनील कुमार पांडेय, एसआई दयाशंकर मिश्र, आरक्षी आमोद मिश्र, दीपक कुमार और महिला आरक्षी सुशीला गौतम की सराहना की।