कादीपुर (सुल्तानपुर)। विवेकानंद नगर मोहल्ले में रविवार रात होटल संचालक और उनके बेटों पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। गुस्साई भीड़ ने हमलावरों की बाइक जला दी। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
पीड़ित राकेश कुमार वर्मा का वर्मा भोजनालय नाम से होटल है। राकेश के मुताबिक रात लगभग 9:30 होटल पर उनके साथ बेटे विजय विक्रम वर्मा, रोहित वर्मा, अमित वर्मा, विवेक वर्मा, अमित वर्मा, पंकज वर्मा भी मौजूद थे। आरोप है कि तभी कुल्हाड़ी लेकर ऋषभ शुक्ला होटल आया और हमला कर दिया।
ऋषभ की तरफ से जिगर दुबे, कुलदीप मिश्रा, संजय कुमार तूफानी, शुभम दुबे व चार-पांच अज्ञात लोग भी लाठी डंडा लेकर पहुंच गए और उनके बेटों को पीटने लगे। लोगों को देखकर हमलावर भाग निकले। भीड़ ने हमलावरों की एक बाइक जला दी। कोतवाली प्रभारी श्याम सुंदर ने बताया कि केस दर्ज करके आरोपियों की तलाश की जा रही है।