सुल्तानपुर। विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही बरतने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की गई है। कादीपुर, बल्दीराय और सुल्तानपुर विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ ड्यूटी में लापरवाही पर 110 आंगनबाड़ी कार्यकताओं का मानदेय तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी शरद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि बार-बार चेतावनी के बावजूद कार्य में सुधार न होने पर कार्रवाई की गई है। कहा कि चुनाव संबंधी जिम्मेदारी अत्यंत संवेदनशील है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे तत्काल कार्य सुधारते हुए प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें, अन्यथा विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।
आकस्मिक निरीक्षण में मिली कई कमियां
रविवार को किए गए निरीक्षण में इसौली विधानसभा के बूथ संख्या 113 पर तैनात आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व बीएलओ पूजा सिंह ड्यूटी से अनुपस्थित मिलीं। उनका मानदेय रोक दिया गया है और एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी जारी की गई है।