कलेक्ट्रेट में बेड एंड ब्रेकफास्ट एवं होमस्टे नीति की कार्यशाला में मौजूद लोग। स्रोत- सूचना विभ
सुल्तानपुर। प्रदेश की अर्थव्यवस्था को वन ट्रिलियन डॉलर बनाने के लिए सरकार ने ‘बेड एंड ब्रेकफास्ट एवं होमस्टे नीति लागू कर दी है। बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यशाला में लोगों को नीति के बारे में जानकारी दी गई। बताया गया कि इससे लोगों को आमदनी हो सकेगी।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पर्यटन योजना के तहत इसे लागू किया गया है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के लोग अपने आवासीय भवन के खाली हिस्से को किराये के रूप में उपयोग कर सकते हैं। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल व ब्लॉक प्रमुख बल्दीराय शिवकुमार सिंह ने योजना के बारे में जानकारी दी।
मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की मौजूदगी में पर्यटन विभाग की ओर से बताया गया कि होम स्टे एवं बेड एंड ब्रेकफास्ट योजना नगरीय और ग्रामीण दोनों में क्षेत्रों में लागू है। प्रत्येक इकाई के लिए न्यूनतम एक व अधिकतम छह अतिथि कक्ष निर्धारित हैं। पंजीकरण के बाद इसे किराये के रूप में मालिक उपयोग कर सकेंगे। पंजीकरण के लिए अग्नि सुरक्षा, स्वच्छता, पहचान प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज आवश्यक है। सिल्वर श्रेणी में दो हजार व गोल्ड श्रेणी में पंजीकरण के लिए तीन हजार रुपये राशि निर्धारित की गई है। पर्यटन पोर्टल से ऑनलाइन पंजीकरण होगा। इस मौके पर डीडीओ गजेंद्र कुमार तिवारी, प्रभारी पर्यटन अधिकारी धीरेंद्र कुमार यादव, उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री रवींद्र त्रिपाठी सहित अन्य मौजूद रहे।