बच्चे हों, युवा हों या फिर बुजुर्ग हर कोई होली के जश्न में डूबा है। हर परिवार में रंगों की बौछार के साथ पकवान बनाने की तैयारी चल रही है। गुझिया और अबीर-गुलाल से लोगों का स्वागत होगा। अतिथियों के स्वागत की तैयारी सभी घरों में की गई हैं। गृहणियों ने भी किचन की तैयारी पूरी कर ली है।
होली का त्यौहार मनाने को लेकर घरों में तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। होली की मस्ती में लोग कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। इसके लिए परिवारों के सभी लोग खासे उत्साहित हैं। खास तौर से बच्चों और युवाओं में होली की मस्ती छाई है। महिलाओं में भी रंग खेलने को लेकर उत्साह है। परिवार के सभी सदस्य सादगी और सद्भाव के साथ त्यौहार मनाएंगे। होली पर प्रमुख रूप से बनने वाले मिष्ठान गुझिया, गुलाब जामुन और भांग आदि अधिकतर घरों में तैयार हो चुके हैं। परिवार में पूड़ी सब्जी, दही बड़ा, पनीर आदि की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।
हर्बल रंगों के साथ खेलेंगे होली
सुल्तानपुर। शहर के शास्त्रीनगर निवासी सचिन चोपड़ा बताते हैं कि इस बार होली में उनके परिवार के लोग हानिकारक रंगों का प्रयोग नहीं करेंगे। हर्बल रंगों के साथ होली का त्यौहार मनाया जाएगा। उनकी पत्नी वंदना का कहना है कि होली को लेकर किचन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।