फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खूब उड़ा रंग-गुलाल, हर्षोल्लास संग मनाई होली

विज्ञापन
विज्ञापन
सुल्तानपुर। होली का पर्व जिले में धूमधाम के साथ मनाया गया। शहर के चौराहों व तिराहों पर गाजे-बाजे व डीजे की धुन पर रंगों से सराबोर युवक जमकर थिरके।
विज्ञापन

रविवार की देर शाम शुभ मुहूर्त में होलिका दहन किया गया। सोमवार को छोटे बच्चों व महिलाओं से लेकर बड़े-बुजुर्गों तक रंग से सराबोर नजर आए। दोपहर बाद रंग का सिलसिला थमा तो सभी एक दूसरे को अबीर लगाकर गले मिले और होली की बधाइयां दीं।
जिले में सोमवार को होली के त्योहार को लोगों ने उल्लासपूर्वक मनाया। रविवार की देर शाम शुभ मुहूर्त में होलिका दहन के साथ ही उत्साही युवाओं व बच्चों में एक दूसरे पर रंग व गुलाल डालने के साथ ही होली की हुड़दंग शुरू हो गई।
विज्ञापन

शहर में जगह-जगह होली गीतों से गूंज रहे लाउडस्पीकर व डीजे पर थिरक रहे युवा होली के उत्साह को दोगुना कर रहे थे। सोमवार सुबह से छोटे-छोटे बच्चे पिचकारी आदि लेकर निकल पड़े और एक दूसरे पर जमकर रंग डाला और अबीर-गुलाल लगाया।
होली में घर-घर तरह-तरह के पकवानों की धूम रही। रंगों के साथ-साथ बच्चों ने पकवानों का भी जमकर आनंद लिया। सुबह करीब 10 बजते-बजते रंगों का पर्व परवान चढ़ा और बच्चे, बड़े और बूढ़े सभी रंगों से रंगे हुए नजर आने लगे। महिलाएं व युवतियां भी इसमें पीछे नहीं रहीं।
सभी ने एक दूसरे पर जमकर रंग डाला। दोपहर बाद तक रंग डालने का सिलसिला चला। पुलिस की सतर्कता की वजह से शांतिपूर्ण वातावरण में पर्व निपट गया। शाम करीब चार बजे लोग सज-धजकर सपरिवार निकले और ईष्ट-मित्रों के घर जाकर पकवान का लुत्फ उठाया।
साथ ही एक दूसरे को अबीर लगाकर गले मिले और होली की बधाई दी। होली की बधाइयों का सिलसिला देर रात तक चला। सिलसिला जिले में करीब सप्ताह भर चलेगा।
ग्रामीण अंचल में रही होली की धूम
सुल्तानपुर। ग्रामीण अंचल में रंगों का पर्व होली शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। पुलिस की मुस्तैदी के चलते हुड़दंगियों की नहीं चल सकी। जगह-जगह होली मिलन समारोह व फगुवा गीतों का आयोजन किया गया।
दूबेपुर विकास खंड क्षेत्र के हसनपुर गांव में फगुआ व होली मिलन समारोह आयोजित हुआ। इसमें देर शाम तक रंगों से सराबोर लोग गीतों का लुत्फ उठाते रहे। सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे गांव में स्थित तिवारीपुर फतेहपुर गांव में स्थित शिवमंदिर के पास पूरे गांव के ग्रामीण एकत्र हुए।
भगवान भोलेनाथ का जयकारा लगाते हुए गांव के बच्चे, युवा व बुजुर्ग सभी ने अबीर-गुलाल उड़ाते हुए होली खेलना शुरू कर दिया। शिव मंदिर से निकली फगुआ टीम पूरे गांव का भ्रमण करते हुए हनुमानगढ़ी पहुंच कर संपन्न हुई।
फगुआ टीम में शामिल लोगों ने हनुमान जी के दरबार में माथा टेका और गाजे-बाजे की धुन पर अबीर-गुलाल उड़ाकर नृत्य किया। गांव के बृजेश तिवारी, महादेव प्रसाद तिवारी, शिवराम तिवारी, रमेशदत्त तिवारी, बसंतलाल तिवारी, अरुण तिवारी, इंद्र नारायण समेत बड़ी संख्या में लोगों ने एक-दूसरे के गले मिल होली की बधाई दी।
करौंदीकलां में होली पर जमकर अबीर-गुलाल उड़ा और ग्रामीणों की टोलियां होली की मस्ती में डूबी रहीं। घरों में महिलाओं ने पकवान बनाए तो बच्चों ने टोली बनाकर गलियों में होली खेली। धनपतगंज कस्बा स्थित हनुमान मंदिर परिसर में होली मिलन का आयोजन हुआ। कुड़वार विकास खंड क्षेत्र में होली के त्योहार पर लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाइयां दीं।
ढोल की थाप पर फगुआ गीतों पर रंगों से सराबोर बच्चे व बुजुर्ग सभी लोग दिन भर झूमे। कादीपुर तहसील क्षेत्र में शांतिपूर्वक रंगों का पर्व होली मनाई गई। लोगों ने एक दूसरे से गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दी। मोतिगरपुर विकास खंड क्षेत्र में बच्चों ने पर्व में जमकर मस्ती की।
त्योहार पर लोग उल्लास व उमंग में सराबोर होते रहे। सुरक्षा को लेकर थानाध्यक्ष मोतिगरपुर उमाकांत शुक्ल, एसआई वीरेंद्र सोनकर, कालिका प्रसाद, शैलेंद्र सिंह, सिपाही अजीत यादव, रजनीश पटेल, सिकंदर, शहंशाह आदि क्षेत्र भ्रमण कर शांति व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
...सजनवा नयनवा से नीर बहाई
जयसिंहपुर। स्थानीय तहसील क्षेत्र के गुरेगांव में फगुआ गायन की परंपरा आज भी कायम है। होली के दिन सोमवार को युवाओं के साथ वृद्ध लोगों ने भी फगुआ और लोकगीत गाए।
इस दौरान सुनने व देखने वालों का जमावड़ा लगा रहा। पूर्व प्रधान पंकज सिंह, शत्रुघ्न सिंह, संजय सिंह, केशव पांडेय, नन्हें सिंह, गप्पू सिंह, बाबूराम यादव, बालचंद पांडेय, समर बहादुर सिंह, गोली सिंह ने फगुआ गीत गाए।
विज्ञापन

फाग गीत ‘राम सुमंत पढ़ाए सुरसरि फूल नियराए केवट का रमेश पुकारी, नइया हो नइया हो भला नइया हो ले आओ किनारे जाव हम पारे’ और ‘सुलोचन बैठी है अंगनवा भुजा आयो है, सजनवां नयनवां से नीर बहाई, पिया लिखो पिया लिखो भला हो पिया लिखो मरम अब सारी कहत सुकुमारी’ ने मौजूद लोगों को होली के उल्लास से भर दिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें