सुल्तानपुर। उद्यान विभाग के राजकीय प्रक्षेत्र कुड़वार, राजकीय औद्यानिक इकाई रामपुर विरतिहा मोतिगरपुर और राजकीय पौधशाला दिखौली में एक्सीलेंस फॉर वेजिटेबल्स सेंटर (हाईटेक नर्सरी) की स्थापना की जाएगी। जिसके बाद किसानों को सस्ते रेट पर उन्नत प्रजाति के सब्जियों और फलों के पौधे प्राप्त हो सकेंगे।
इसके लिए विभाग की ओर से शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। इन तीनों स्थानों पर पूर्व में आलू की खेती होती थी। घाटे के कारण इसे बंद कर दिया गया था।
राजकीय प्रक्षेत्र कुड़वार में पीपीपी मोड पर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फाॅर फ्रूट एंड वेजिटेबल का प्रस्ताव प्रक्रियाधीन है। मोतिगरपुर की राजकीय औद्यानिक इकाई रामपुर विरतिहा में एक हेक्टेयर क्षेत्रफल में एग्रो फॉरेस्ट्री घटक के अंतर्गत हाईटेक नर्सरी बनाई गई है।
एग्रो फॉरेस्ट्री के पौधे तैयार किए जा रहे हैं। साथ ही शेष दो हेक्टेयर भूमि में पीपीपी मोड पर हाईटेक नर्सरी की स्थापना का प्रस्ताव शासन स्तर पर प्रक्रियाधीन है।
राजकीय पौधशाला दिखौली की कुल 3.16 हेक्टेयर भूमि है। इसमें एक हेक्टेयर क्षेत्रफल पर पौधशाला संचालित है। यहां की शेष भूमि पर हाईटेक नर्सरी की स्थापना की स्वीकृति मिल चुकी है।
सब्जी और फलों के तैयार होंगे पौधे
वरिष्ठ उद्यान निरीक्षक पवन कुमार सिंह ने कहा कि हाईटेक नर्सरी निर्माण होने के बाद सीजन के अलावा बेमौसमी सब्जियों के पौधे तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा फल के पौधों की नर्सरी तैयार की जाएगी।
शासन की स्वीकृति का इंतजार
जिला उद्यान अधिकारी रणविजय सिंह ने बताया कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (हाईटेक नर्सरी) विकसित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद काम शुरू कराया जाएगा।