अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज वर्तिका सिंह की ओर से केंद्रीय मंत्री व अमेठी की सांसद स्मृति ईरानी के खिलाफ दायर मानहानि केस और धोखाधड़ी के मामले में सोमवार को स्पेशल जज एमपी-एमएलए पीके जयंत के अवकाश पर रहने के कारण सुनवाई टल गई। सोमवार को कोर्ट में वर्तिका सिंह का बयान दर्ज किया जाना था। मामले में अगली सुनवाई के लिए दो फरवरी की तिथि नियत की गई है।
गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री एवं अमेठी सांसद स्मृति ईरानी के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज वर्तिका सिंह ने स्पेशल जज एमपी/एमएलए पीके जयंत की कोर्ट में मानहानि करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा (परिवाद) दायर किया है। प्रतापगढ़ जिले के रायचंदपुर निवासी निशानेबाज वर्तिका सिंह का आरोप है कि 26 दिसंबर को अमेठी के दौरे पर आईं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने गौरीगंज स्थित आवास पर मीडिया को गलत बयान देकर उनकी मानहानि की है।