सुल्तानपुर। यूपी के अस्पतालों के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में दिल्ली के पूर्व मंत्री सोमनाथ भारती के खिलाफ दर्ज केस में मंगलवार को वकीलों के कार्य बहिष्कार के कारण सुनवाई टल गई। इस मामले में अगली सुनवाई पांच मार्च को होगी। सोमनाथ भारती के खिलाफ अमेठी जिले के जगदीशपुर निवासी सोमनाथ साहू ने 10 जनवरी 2021 को जगदीशपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में सोमनाथ भारती के खिलाफ आरोप तय होना है।
शामली जिले के दरोगा के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट
सुल्तानपुर। आचार संहिता उल्लंघन के मामले में एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह के खिलाफ विचाराधीन केस में गवाही देने न आने पर कोर्ट ने शामली जिले के कांधला थाने में तैनात दरोगा नरेंद्र वर्मा के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। इस मामले में अगली सुनवाई एक मार्च को होगी। पंचायत चुनाव के दौरान बिना अनुमति भोज करने के आरोप में एमएलसी समेत तीन लोगों के खिलाफ 11 मई 2019 को कोतवाली देहात थाने में आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज किया गया था।
कोर्ट में नहीं हाजिर हुए पूर्व सपा विद्यायक
सुल्तानपुर। आचार संहिता का उल्लंघन करने के मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी हाेने के बाद भी लंभुआ के पूर्व सपा विधायक संतोष पांडेय मंगलवार को कोर्ट में हाजिर नहीं हुए। कोर्ट ने मामले में अगली सुनवाई के लिए पांच मार्च की तिथि तय की है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान बिना अनुमति सभा करने के आरोप में पूर्व विधायक व उनके समर्थकों के खिलाफ लंभुआ व कोतवाली देहात थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। (संवाद)