सुल्तानपुर। ऑपरेशन के दौरान प्रसूता रुचि पाठक की मौत के मामले में गैर इरादतन हत्या के आरोपी स्टार हॉस्पिटल के संचालक समेत चार आरोपियों की जमानत अर्जी पर बृहस्पतिवार को सुनवाई टल गई। एडीजे प्रथम उत्कर्ष चतुर्वेदी के अवकाश पर रहने के कारण आरोपियों की जमानत अर्जी पर सुनवाई के लिए 19 मार्च की तिथि नियत की गई है। मामला मोतिगरपुर थाने के पठखौली गांव से जुड़ा है।
पठखौली गांव निवासी रुचि पाठक को डिलीवरी के लिए पिछली चार फरवरी को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां से दो महिला दलालों ने रुचि की सास को झांसा देकर शहर के गभड़िया मोहल्ले में स्थित स्टार हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया था। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान चिकित्सक की लापरवाही से रुचि की मौत हो गई थी। कोतवाली नगर में मृतका रुचि की सास निखिलेश देवी की तहरीर पर स्टार हॉस्पिटल के मालिक व चिकित्सक और दो अज्ञात महिलाओं के खिलाफ गैर इरादतन हत्या व साजिश रचने का मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले में अभियुक्त बनाए गए स्टार हॉस्पिटल के मालिक/संचालक मो. अख्तर, कुड़वार थाने के हरखपुर गांव निवासी राशिद खान व कोतवाली नगर के घरहा खुर्द गांव निवासी खुर्शीद अहमद ने पिछले दिनों जिला जज की कोर्ट में अग्रिम जमानत अर्जी दी थी। कोर्ट ने उन्हें अग्रिम जमानत देकर पुलिस से रिपोर्ट तलब की थी। रुचि को जिला अस्पताल से स्टार हॉस्पिटल पहुंचाने वाली कुड़वार थाने के फिरोजपुर गांव की महिला दलाल हसीना बानो को पुलिस ने पिछले दिनों गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
चारों आरोपियों की जमानत अर्जी एडीजे प्रथम उत्कर्ष चतुर्वेदी की कोर्ट में ट्रांसफर कर दी गई है। बृहस्पतिवार को स्टार हॉस्पिटल के संचालक समेत चारों आरोपियों की जमानत अर्जी पर सुनवाई होनी थी। एडीजे प्रथम उत्कर्ष चतुर्वेदी के अवकाश पर रहने के कारण आरोपियों की जमानत अर्जी पर सुनवाई टल गई। आरोपियों की जमानत अर्जी पर सुनवाई के लिए 19 मार्च की तिथि नियत की गई है।