सुल्तानपुर। कोरोना वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। स्वास्थ्य विभाग ने दो लोगों का ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है। जिला अस्पताल के सीएमएस ने लोगों को अफवाहों से सतर्क रहने को कहा है। जिन दो लोगों का सैंपल लिया गया है, उन्हें घर में रहने की सलाह दी गई है।
कोतवाली नगर क्षेत्र का एक युवक पिछले दिनों चीन से वापस लौटा था। लौटने के बाद वह सार्वजनिक आयोजनों में भी शामिल हुआ था। एक पार्टी में शामिल युवक को दो तीन दिन से खांसी आ रही थी।
इस बीच किसी ने चीन से आए युवक के कोरोना के संदिग्ध होने की अफवाह उड़ा दी। इसे गंभीरता से लेते हुए जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. वीबी सिंह ने चिकित्सकों की टीम दोनों युवकों के घर भेजी।
दोनों को सोमवार को जिला अस्पताल में बुलाकर ब्लड का सैंपल जांच के लिए लिया गया। सीएमएस ने बताया कि चीन से आए युवक की एयरपोर्ट पर पूरी तरह से जांच हुई थी। वह पूरी तरह स्वस्थ है।
मंगलवार को सीएमएस ने कोरोना वायरस के लिए आरक्षित वार्ड का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वार्ड में तैनात चिकित्सक, स्टाफ, नर्स, वार्ड ब्वॉय को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
सीएमओ डॉ. चंद्रभूषण नाथ त्रिपाठी ने बताया कि अब तक तीन लोगों का ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। जांच में एक व्यक्ति निगेटिव पाया गया है। दो अन्य लोग भी सही है, लेकिन अभी उनकी रिपोर्ट नहीं आई है।