सुल्तानपुर। दिवाली पर पटाखों से झुलसने और आंखों में चोट लगने की घटनाओं से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मेडिकल कॉलेज के बर्न वार्ड में 15 बेड आरक्षित किए गए हैं। सर्जन, नेत्र रोग विशेषज्ञों समेत चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है। सीएचसी और पीएचसी पर भी 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अविनाश चंद्र गुप्ता ने बताया कि इमरजेंसी में सिल्वर सल्फाडायजीन क्रीम, दर्द निवारक दवाएं, एंटीबायोटिक, टेटनस इंजेक्शन और ऑक्सीजन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराई गई है। एंबुलेंस सेवा भी अलर्ट पर रखी गई है। सीएमओ डॉ. भारत भूषण ने सभी सीएचसी-पीएचसी प्रभारियों को कर्मचारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
जलने पर न लगाएं टूथपेस्ट और हल्दी
फिजिशियन डॉ. आरपी द्विवेदी ने बताया कि जलने पर प्रभावित हिस्से को 20 मिनट तक ठंडे बहते पानी के नीचे रखें। टूथपेस्ट या हल्दी न लगाएं। आंख में चोट लगने पर तत्काल अस्पताल पहुंचें। अस्थमा और सांस के मरीज धुएं से बचें और जरूरी दवाएं साथ रखें। बच्चों को पटाखे चलाते समय अकेला न छोड़ें।