‘अतुलित बल धामं हेम शैलाभ देहम।’ हनुमान जयंती पर मंगलवार को शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हनुमान मंदिरों पर यही मंत्र दिन भर गूंजते रहे। भक्तों ने पूरी श्रद्घा व आस्था के साथ मंदिरों में बजरंग बली के दर्शन कर लड्डू का भोग लगाया और संकटों से मुक्ति की कामना की।
भगवान शिव के 11वें रूप और हनुमान के अनन्य भक्त हनुमान जी का जन्मोत्सव मंगलवार को धूमधाम से मनाया गया। कादीपुर तहसील के ऐतिहासिक एवं पौराणिक धर्मस्थली बिजेथुआ महावीरन में जयंती के उपलक्ष्य में दिन भर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुए। शहर के रुद्र नगर स्थित श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर पर भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुए।
संकटमोचन महाराज के विभिन्न प्रकार के अभिषेक से स्नान कराकर विशेष आरती की गई। सुबह से ही हनुमान चालीसा, बजरंग बाण, सुंदरकांड का पाठ भक्तों की ओर से किया गया। शहर की महिला मंडली की ओर से सामूहिक पाठ भी किया गया। देर शाम पुजारी सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया। शहर के कुड़वार नाका के शिव चौक स्थित शिवमंदिर पर नव स्थापित हनुमान प्रतिमा पर भी लड्डू का भोग लगाया गया।
हनुमान चालीसा, बजरंग बाण एवं हनुमानाष्टक के बाद बाल हनुमान बने हाथों से लड्डू का भोग लगाया गया। इसी तरह शहर के चौक स्थित हनुमान मंदिर समेत सभी मंदिरों पर हनुमान जयंती पर विविध कार्यक्रम आयोजित हुए। हनुमान भक्तों ने पूजा-पाठ कर दुखों से छुटकारा पाने की कामना की।