सुल्तानपुर। जिले में ईद-उल-अजहा का त्योहार शनिवार को अकीदत के साथ मनाया गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईदगाह में एक साथ बकरीद की नमाज अदा कर मुल्क में अमन-चैन की दुआ मांगी। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ईदगाह, मस्जिदोंं और संवेदनशील स्थलों पर पुलिस तैनात रही।
शहर के घरहांखुर्द स्थित ईदगाह मैदान में शनिवार सुबह 7:30 बजे शहर के चौक स्थित जामा मस्जिद के पेश इमाम मौलाना अब्दुल लतीफ ने बकरीद की नमाज अदा कराई। शहर के साथ आसपास के ग्रामीण अंचलों के लोग भी शामिल हुए। नमाजियों ने अल्लाह से मुल्क में अमन-चैन की दुआ मांगी। इसके बाद लोग एक-दूसरे के गले मिले और ईद-उल-अजहा की बधाई दी।
मौलाना ने ईदगाह में मौजूद लोगों को अल्लाह की तकरीरों से रूबरू कराया। ईदगाह में डीएम कुमार हर्ष, एसपी कुंवर अनुपम सिंह, एसडीएम सदर विपिन द्विवेदी, सीओ सिटी प्रशांत सिंह, नगर कोतवाल धीरज कुमार और ईओ लालचंद ने सभी को ईद-उल-अजहा की बधाई दी। नमाज के बाद कुर्बानी का दौर शुरू हुआ।
शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई नमाज
जिले के शिया इलाकों गोराबारिक, अमहट, अलीगढ़, अलीनगर, तुराबखानी, खैराबाद, हसनपुर, मनियारपुर, जूडूपुर, प्रतापपुर, मनियारी, वलीपुर, कारीभीट, इसौली, सैदखानपुर, लुसहा, भाईं, पीथापुर, लौहर दक्षिण, सैदपुर चीनीमिल, हयातनगर, चुनहा करौंदिया और माल्हा में सुबह 9:00 बजे ईदु-उज-अजहा की नमाज अदा की गई। जामा मस्जिद अमहट में मौलाना मोहम्मद जाफर खान ने बकरीद की नमाज अदा कराई। हुसैनी शिया वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष हैदर अब्बास खान ने कहा कि कुर्बान की हुई चीज को तीन भागों में बांटकर खाना चाहिए। एक भाग खुद के लिए, दूसरा रिश्तेदारों को और तीसरा भाग गरीबों में बांट देना चाहिए।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी शांतिपूर्ण ढंग से मनाया त्योहार
ग्रामीण क्षेत्र की ईदगाहों और मस्जिदों में निर्धारित समय पर बकरीद की नमाज अदा की गई। बकरीद को लेकर पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। ईदगाह व मस्जिदों के पास जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा। अखंडनगर, कादीपुर, करौंदीकलां, दोस्तपुर, कूरेभार, बल्दीराय, प्रतापपुर कमैचा, भदैंया, कुड़वार व दूबेपुर आदि क्षेत्रों में शांतिपूर्ण ढंग से ईद-उल-अजहा का त्योहार संपन्न हुआ।