शहर से सटे अमहट स्थित एक निजी होटल में सोमवार को रोटरी क्लब ट्रांस गोमती के तत्वावधान में सेमिनार का आयोजन किया गया। इसमें व्यापारियों को जीएसटी से संबंधित जानकारी दी गई।
सेमिनार का शुभारंभ रोटरी क्लब ट्रांस गोमती के अध्यक्ष रवि जायसवाल ने किया। उन्होंने सेमिनार में आए अतिथियों का माला पहनाकर स्वागत किया। लखनऊ से आए वरिष्ठ सीए अजय गोयल एवं सीए शुभि ने लोगों को जीएसटी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पुराने स्टॉक के इनपुट टैक्स क्रेडिट एवं समय से जीएसटी रिटर्न दाखिल करने के बारे में व्यापारियों को बताया। सीए संतोष सिंह ने इनकम टैक्स एक्ट में हुए बदलाव में बारे में जानकारी देते हुए कहा कि अब कोई भी व्यापारी या पेशेवर 10 हजार से अधिक का खर्च नकद में नहीं कर सकेगा।
किसी भी सामान व सेवा के लिए दो लाख से ऊपर की धनराशि चेक या बैंकिंग सिस्टम से ही ले सकते हैं। अन्यथा की स्थिति में भारी जुर्माने का प्रावधान है। इस दौरान व्यापारियों के सवालों का वक्ताओं ने जवाब भी दिया। इस मौके पर तमाम व्यापारी मौजूद रहे। अंत में रोटरी क्लब ट्रांस गोमती के सचिव डॉ. राजीव त्रिपाठी ने सभी अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंटकर आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व अध्यक्ष एसवी सिंह ने किया।