सुल्तानपुर। दूबेपुर के अहिमाने स्थित महिला समूह के दाल और मसाला उद्योग के जल्द संचालन शुरू होने के आसार बढ़ गए हैं। बिजली कनेक्शन के लिए ग्राम्य विकास विभाग ने वितरण निगम को धनराशि जारी कर दी है। बिजली कनेक्शन होते ही उद्योग का संचालन शुरू हो जाएगा।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की ओर से अहिमाने में दाल व मसाला उद्योग का संचालन अमेरिका के इमागो कंपनी के सहयोग से कराने की योजना है। इसके लिए मशीनें व अन्य संयंत्र लग गए हैं लेकिन बिजली कनेक्शन नहीं हो पाया है। इससे मामला लटका था। एनआरएलएम के अधिकारियों की मांग पर एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बिजली कनेक्शन के लिए दो लाख 32 हजार रुपये अपनी निधि से दिया है।
आरईडी के सहायक अभियंता के सत्यापन के बाद ग्राम्य विकास अभिकरण ने बिजली कनेक्शन के लिए वितरण निगम को धनराशि जारी कर दी। मिशन प्रबंधक नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि वितरण निगम की ओर से जल्द खंभे लगाकर बिजली कनेक्शन देने का आश्वासन दिया गया है। एनआरएलएम उपायुक्त केडी गोस्वामी ने बताया कि बिजली मिलते ही उद्योग का संचालन शुरू करवा दिया जाएगा। इससे महिलाओं को अच्छा लाभ मिलेगा।