सुल्तानपुर। शहर के राहुल चौराहा के पास शनिवार दोपहर नवीपुर निवासी किराना व्यापारी आयुष ताम्रकार पर एक युवक ने रॉड और हथौड़ी से हमला कर दिया। हमले में किराना व्यापारी घायल हो गए। वारदात के बाद हमलावर भाग निकला।
किराना व्यापारी आयुष ताम्रकार के मुताबिक उनकी दुकान मुरारीदास की गली में है। शनिवार दोपहर 12:30 बजे घर से स्कूटी से दुकान जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में राहुल चौराहा के पास पहुंचे तो जाम लगा था। आरोप है कि उसी समय उनके पीछे से शेरू निवासी झलियावां पहुंचे। आरोपी ने उनकी स्कूटी में धक्का मारा। उन्होंने आरोपी को धक्का मारने से मना किया तो आरोपी ने उनके सिर पर पर शीशे की राॅड से प्रहार कर दिया।
चोट लगने से वह स्कूटी लेकर गिर पड़े। आरोपी ने बगल दुकान से हथौड़ी लेकर दोबारा आयुष के सिर पर वार किया। लोग बीच-बचाव करने पहुंचते, इसके पहले आरोपी भाग निकला। घायल आयुष का मेडिकल कॉलेज में इलाज कराया गया। कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक धीरज कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।