सुलतानपुर। खेलो इंडिया खेलो के तहत ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं के सपनों को साकार करने के लिए केंद्र सरकार संकल्पबद्ध है। स्टेडियम बनाने की प्रक्रिया जिले में शुरू कर दी गई है। अब तक 25 स्पोर्ट्स स्टेडियम का निर्माण शुरू हो चुका है। तीन दिवसीय दौरे के अंतिम दिन बुधवार को संसदीय क्षेत्र के पीपी कमैचा ब्लॉक के शाहपुर गांव में क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए सांसद मेनका गांधी ने कहा कि प्रतिभाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।
सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने कहा कि खेलो इंडिया खेलो के तहत जिले के प्रत्येक गांव में स्टेडियम बनाने की प्रक्रिया चल रही है। अब तक 25 स्पोर्ट्स स्टेडियम के निर्माण का काम शुरू किया जा चुका है। केंद्र सरकार की मंशा है कि ग्रामीण युवा स्वस्थ होने के साथ-साथ अपने सपनों को भी साकार करें। पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम के जीर्णोद्धार के लिए सरकार ने पांच करोड़ रुपये दिए हैं। स्टेडियम का कार्य प्रगति पर है।
अपने दौरे के आखिरी दिन सांसद ने संसदीय क्षेत्र के पीपी कमैचा ब्लॉक के निषाद बस्ती हड़िया, छतौना, मरछा, शाहपुर, गोलवा, लंभुआ के समहुता व बभनगवां गांव में जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। कहा कि अब तक 400 करोड़ रुपये से अधिक का विकास कार्य कराया गया है। 55 करोड़ की लागत से अमहट के फ्लाईओवर व एफएम रेडियो का काम भी जल्द शुरू होगा।
सांसद ने कहा कि 15 दिन में आकर अपने दायित्वों का निर्वहन करती हूं। जानती हूं कि पांच वर्ष का समय कम होता है लेकिन चाहती हूं कि मेरे संसदीय क्षेत्र के लोग जान सकें कि अच्छा सांसद हो तो क्या-क्या कर सकता है। सांसद ने लंभुआ विधायक देवमणि द्विवेदी के गांव सूर्यभान पट्टी गरयें जाकर उनकी मां के निधन पर परिवारवालों से भेंटकर शोक संवेदना जताई।
इस मौके पर विजय त्रिपाठी, विनोद मिश्र, सांसद प्रतिनिधि रणजीत कुमार, संदीप सिंह व विजय सिंह रघुवंशी आदि मौजूद रहे। शाम पांच बजे वह सड़क मार्ग से दिल्ली के लिए रवाना हो गईं।