सुल्तानपुर। जिले को नए राजकीय हाईस्कूल की सौगात मिली है। यह विद्यालय धनपतगंज के सरैया मझौवा में बनेगा। वर्तमान में यहां उच्च प्राथमिक विद्यालय का संचालन हो रहा है। इसे अपग्रेड कर राजकीय हाईस्कूल बनाया जाएगा। शासन से मंजूरी मिलने के बाद निर्माण की कवायद शुरू हो गई है।
विद्यालय का निर्माण करीब एक करोड़ 32 लाख 70 हजार की धनराशि से की जाएगी। शासन से मंजूरी मिलने के बाद क्षेत्र के लोगों में खुशी है। धनपतगंज क्षेत्र में उच्च प्राथमिक सरैया मझौवा का संचालन किया जा रहा है। यहां आसपास कोई राजकीय हाईस्कूल नहीं होने से बच्चों को पढ़ाई के लिए दूर जाना पड़ता है। इसको देखते हुए शासन ने इस परिसर को अपग्र्रेड कर हाईस्कूल संचालन की मंजूरी दी है। शासन से मंजूरी मिलने के बाद अब धन आवंटन का इंतजार है।
विभाग ने निर्माण शुरू करने की कवायद शुरू कर दी है। जिला समन्वयक समग्र शिक्षा माध्यमिक अखिलेश पांडेय ने बताया कि राजकीय हाईस्कूल सरैया मझौवा में कंप्यूटर लैब, विज्ञान कक्ष, पुस्तकालय और कक्षा कक्ष के अलावा अतिरिक्त कक्ष का निर्माण होगा।
बजट मिलते ही शुरू हो जाएगा निर्माण
शासन की मंजूरी मिलने के बाद बजट का इंतजार है। धनांवटन होते ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा। निर्माण के लिए जरूरी अन्य प्रक्रियाएं शुरू करा दी गई हैं।
-रविशंकर, जिला विद्यालय निरीक्षक