परिचालन संबंधी समस्याओं को लेकर रविवार को सद्भावना एक्सप्रेस 17 घंटे से अधिक लेट रही। अप ट्रेन के लेट होने से सुल्तानपुर से दिल्ली जाने वाली सद्भावना डाउन ट्रेन का समय भी परिवर्तित किया गया।
रेल विभाग के अधिकारियों ने सद्भावना डाउन ट्रेन को नौ घंटे विलंब से रवाना किए जाने की घोषणा की। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शनिवार को दिल्ली से सुल्तानपुर के लिए रवाना होने वाली सद्भावना एक्सप्रेस परिचालन संबंधी समस्याओं के कारण निर्धारित समय से विलंब से रवाना की गई।
रास्ते में ट्रेन काफी लेट होती गई। 17 घंटे से अधिक लेट होने के कारण सुल्तानपुर से बनकर दिल्ली जाने वाली सद्भावना का संचालन रविवार दोपहर समय पर नहीं हो सका।
दिल्ली व अन्य स्थानों को जाने वाले यात्रियों को सद्भावना एक्सप्रेस के संचालन में विलंब होने से परेशानी का सामना करना पड़ा। निर्धारित समय से स्टेशन पर पहुंची यात्री ट्रेन की लोकेशन का पता करते रहे। रेल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सद्भावना अप ट्रेन रात 12 बजे के बाद ही सुल्तानपुर पहुंचने की संभावना है।