शहर के शाहगंज चौराहे के पास ट्रैक्टर की ट्राली पर सामान रखते नपा कर्मी। स्रोत-नगर पालिका
सुल्तानपुर। सड़क की पटरियों पर किए अतिक्रमण को मंगलवार अभियान चलाकर नगर पालिका और पुलिस की टीम ने हटवाया। मेडिकल कॉलेज चौराहे से लेकर कुड़वार नाका तक अतिक्रमण हटवाकर सात दुकानदारों से जुर्माना भी वसूला। टीम ने अतिक्रमण कारियों का सामान भी जब्त कर लिया।
चलाए गए अभियान में कोतवाली नगर से मेडिकल कॉलेज चौराहा, गल्ला मंडी, चौक घंटाघर से शाहगंज चौराहा, बाधमंडी तिराहा से पंचरास्ता, ठठेरी बाजार से चौक घंटाघर, सब्जी मंडी से कुड़वार नाका तक सड़क की दोनों पटरियों को अतिक्रमण मुक्त करवाया गया। पटरियों पर सीमा से बढ़कर दुकानें लगाने वाले दुकानदारों को चेतावनी भी दी।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी लाल चंद्र सरोज ने बताया कि अभियान अनवरत चलेगा। निर्धारित स्थल पर दुकानें नहीं लगाने वाले पथ विक्रेताओं को नोटिस जारी कर आवंटन निरस्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी। इस दौरान नगर पालिका के राजस्व निरीक्षक प्रवीण सिंह, अनूप कुमार भारती सहित अन्य कर्मचारी रहे। संवाद