सुल्तानपुर। जिला कबड्डी एसोसिएशन की ओर से श्यामनगर मैदान में रविवार को मिशन नारी शक्ति कबड्डी प्रतियोगिता हुई। प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों ने प्रतिभाग किया। फाइनल मुकाबला श्री अवध फिजिकल एकेडमी श्यामनगर और गोमती मित्र मंडल सीताकुंड के बीच हुआ। जिसमें सीताकुंड ने श्याम नगर की टीम को 23-20 के स्कोर से पराजित कर दिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला युवा कल्याण अधिकारी मयंक पटेल ने किया। विशिष्ट अतिथि काशी प्रांत के क्रीड़ा भारती संयोजक रवींद्र शुक्ला व स्थानीय लेखपाल कुंवर बृजेश सिंह रहे। प्रतियोगिता का प्रथम मुकाबला लाखीपुर व उतुरी के बीच खेला गया। जिसमें लाखीपुर की टीम ने उतुरी को 23-16 से पराजित किया। दूसरा मुकाबला महाराणा प्रताप इंटरमीडिएट कॉलेज व लोहरामऊ के बीच हुआ । जिसमें लोहरामऊ टीम विजेता रही। फाइनल मुकाबले में सीताकुंड की टीम विजेता बनी। संगठन सचिव महेश कुमार, विशिष्ट अतिथि कुंवर बृजेश सिंह और जिला युवा कल्याण अधिकारी ने प्रतियोगिता में संबोधित किया।
क्रीड़ा भारती के प्रांत संयोजक रवींद्र शुक्ला ने कहा कि कबड्डी को ओलंपिक में शामिल करने के लिए प्रत्येक जिले से 100 कबड्डी मैच कराकर इसका संदेश राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिया जाए। आगामी 2036 ओलंपिक में कबड्डी खेल को शामिल किया जाए। सभी विजेता व उप विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों ने सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन संगठन के संरक्षक व पूर्व जिला कमांडेंट आरबी पांडेय ने किया। इस मौके पर हीरालाल यादव, बॉक्सिंग संघ सचिव विजय यादव , निर्णायक अर्जुन यादव ,अवधेश मिश्रा , शिवम सिंह, दीपू , संजू, शिवकुमारी मौजूद रहीं।