जिलाधिकारी ने शुक्रवार को बीते वर्षों में मध्याह्न भोजन योजना के लिए जारी गैस कनेक्शन व विद्यालयों पर उपलब्ध सिलेंडरों का विवरण शिक्षा विभाग से तलब किया है। डीएम की सख्ती पर बीएसए ने सभी खंड शिक्षाधिकारियों को विवरण जांच कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
एमडीएम के सिलेंडर गायब होने का खुलासा होने पर गैस एजेंसी व प्राथमिक विद्यालयों में दिन भर हलचल रही। अमर उजाला ने शुक्रवार के अंक में प्रकरण को प्रमुखता से उठाया था। खबर को संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी अदिति सिंह ने बेसिक शिक्षा विभाग से बीते वर्षों में मध्याह्न भोजन योजना के लिए जारी हुए कनेक्शनों का विवरण तलब किया है। विवरण में कनेक्शन धारक के नाम, निर्गत हुई धनराशि, सिलेंडरों की प्राथमिक विद्यालयों पर उपलब्धता, अब तक हुई रिफिलिंग का ब्यौरा रिकॉर्ड के साथ मांगा है। डीएम की सख्ती पर बेसिक शिक्षा अधिकारी रमेश यादव ने मिड-डे मील इकाई से पूछताछ की। जिला समन्वयक एमडीएम को सभी खंड शिक्षाधिकारियों को पत्र भेजकर विवरण मंगाने का निर्देश दिया गया है।
बीईओ से मांगा गया विवरण
जिला समन्वयक एमडीएम संदीप यादव ने बताया कि जिले के सभी खंड शिक्षाधिकारियों से बीते वर्षों में जारी हुए घरेलू गैस कनेक्शनों का विवरण मांगा गया है। निर्देश हैं कि विद्यालयों में उपलब्ध सिलेंडर व रिफिलिंग व्यवस्था को भी अभिलेखों के साथ प्रस्तुत किया जाए। बीएसए के माध्यम से रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी।