लंभुआ (सुल्तानपुर)। सामूहिक दुष्कर्म की पीड़िता की हालत रविवार सुबह अचानक से खराब हो गई। घरवालों के मुताबिक पहले झटका लगा, फिर बेहोश हो गई। परिवारीजन उसे लंभुुआ सीएचसी ले गए तो चिकित्सक ने पीड़िता को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
दुष्कर्म पीड़िता का मेडिकल शनिवार को डॉ़ रंजना गौतम की देखरेख में हुआ था। घरवाले पीड़िता को लेकर चले गए थे। परिजनों के मुताबिक रविवार सुबह अचानक पीड़िता की तबीयत बिगड़ गई। झटके लगने के साथ वह बेहोश हो गई। घरवाले पीड़िता को लेकर लंभुआ सीएचसी पहुंचे।
लंभुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद चिकित्सक डॉ़ धर्मराज सरोज ने पीड़िता का दोपहर तक इलाज किया। हालत में सुधार नहीं होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लंभुआ चिकित्सा अधीक्षक डॉ़ अनिल कुमार ने पीड़ित को रेफर करने की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़िता के दिमाग पर गहरा सदमा लगा है। इस वजह से उसे बार-बार झटके आ रहे हैं।