शहर के एक फर्नीचर शोरूम में रखा सोफा। संवाद
सुल्तानपुर। सहालग सीजन शुरू होते ही फर्नीचर बाजार में रौनक लौट आई है। शादी-विवाह और पारिवारिक आयोजनों की तैयारियों के चलते लोग बड़े पैमाने पर खरीदारी कर रहे हैं। खासतौर पर मजबूत और टिकाऊ शीशम की लकड़ी से बने बेड और सोफा सेट की मांग में इस बार तेज उछाल देखा जा रहा है।
बाजार में किंग साइज बेड और मॉडर्न डिजाइन वाले फर्नीचर ग्राहकों को खूब आकर्षित कर रहे हैं। कारोबारियों के मुताबिक, शीशम के बेड की कीमत 15 हजार रुपये से शुरू होकर डिजाइन और गुणवत्ता के अनुसार 50 हजार रुपये तक पहुंच रही है। वहीं सोफा सेट, ड्रेसिंग टेबल और अलमारी की बिक्री भी तेजी से बढ़ी है।
फर्नीचर दुकानों पर रेडीमेड के साथ-साथ ऑर्डर पर भी सामान तैयार किया जा रहा है। ग्राहक अपनी पसंद के अनुसार डिजाइन चुन रहे हैं, जिससे बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ गई है। खरीदारों को आकर्षित करने के लिए दुकानदार एकमुश्त खरीदारी पर 10 से 15 प्रतिशत तक की छूट भी दे रहे हैं।
इनसेट
एक साल में 20 फीसदी तक बढ़े दाम
फर्नीचर कारोबारी उमेश शर्मा ने बताया कि सहालग के चलते इस बार बिक्री में अच्छा इजाफा हुआ है। हालांकि गद्दा और प्लाई के दाम पिछले साल के मुकाबले करीब 20 प्रतिशत तक बढ़े हैं, फिर भी ग्राहकों की खरीदारी पर इसका खास असर नहीं पड़ा है।
टिकाऊ और क्वालिटी पर बढ़ा भरोसा
व्यापारी योगेश गुप्ता के अनुसार, ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए खासतौर पर शीशम के आधुनिक डिजाइन वाले फर्नीचर मंगाए गए हैं। अब लोग सस्ते के बजाय टिकाऊ और बेहतर गुणवत्ता वाले फर्नीचर को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिससे इनकी मांग लगातार बढ़ रही है।