सुल्तानपुर। लूट और हत्या से जुड़े 24 साल पुराने केस में एफटीसी कोर्ट में बुधवार को पुलिस ने गैरहाजिर चल रहे चिकित्सक डॉ. एसके यादव का स्थानांतरण होने के बाद प्रयागराज जिले में वर्तमान तैनाती होने की जानकारी दी। जिस पर संज्ञान लेते हुए जज राकेश की अदालत ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रयागराज को पत्र जारी कर 12 सितंबर की तिथि पर चिकित्सक को हाजिर कराने का निर्देश दिया है।
अमेठी जिले के जगदीशपुर थाने में 24 जनवरी 2001 को अयोध्या जिले के कुमारगंज थाने के शिवनाथपुर के रहने वाले राकेश कुमार शुक्ल ने अपने ड्राइवर इस्लाम व क्लीनर अशोक सिंह पर लूट व हत्या समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया था। अयोध्या जिले के भरत का पुरवा निवासी आरोपी अजय कुमार व बरहनापुर निवासी डॉ. वासदेव यादव के खिलाफ ट्रायल चल रहा है। जिला महिला चिकित्सालय में तैनात तत्कालीन चिकित्सक डॉ. एसके यादव लंबे समय से गैरहाजिर चल रहे हैं। उनके वर्तमान व पूर्व तैनाती स्थल के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पा रही थी।
अदालत ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुल्तानपुर से चिकित्सक का विवरण तलब किया था। बुधवार को कोर्ट में पेश की गई रिपोर्ट में डॉ. एसके यादव की वर्तमान तैनाती प्रयागराज जिले में बताई गई। जिस पर अदालत ने तत्काल सीएमओ प्रयागराज को पत्र जारी कर उन्हें हाजिर कराने का निर्देश दिया है।