गौरीगंज (अमेठी)। जगदीशपुर से अयोध्या तक बनने वाले फोरलेन में अमेठी जनपद के 11 गांव के किसानों की भूमि अधिग्रहीत होगी। करीब 60 किमी लंबे मार्ग के निर्माण पर 1455 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। सरकार से मंजूरी मिलने के बाद एनएचएआई ने मार्ग निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसमें सुल्तानपुर जिले के भी चार गांवों की भूमि अधिग्रहीत होगी।
अमेठी के जगदीशपुर से लेकर अयोध्या जनपद को जोड़ने वाला मार्ग फोर लेन बनाया जाएगा। केंद्रीय परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय से स्वीकृति मिलने के बाद एनएचएआई ने निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। करीब 60 किमी लंबे मार्ग निर्माण पर 1455 करोड़ का खर्च आने की उम्मीद है।
भारतीय राजमार्ग विकास प्राधिकरण ने फोर लेन मार्ग निर्माण की तैयारी शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक मार्ग निर्माण के लिए अमेठी जनपद के 11 ग्राम पंचायतों के किसानों की भूमि अधिग्रहीत की जाएगी। सुल्तानपुर के चार व अयोध्या जनपद के सर्वाधिक 37 गांवों के किसानों की भूमि अधिग्रहीत होगी।
निर्माण कार्य शुरू करने के लिए एनएचएआई ने प्रशासन को चिह्नित किसानों की भूमि को अधिग्रहीत करने के लिए पत्र भेजा है। सुल्तानपुर के जरईकलां, सरायबग्घा, डोभियारा व हलियापुर के किसानों की भूमि अधिग्रहीत करने के लिए सुल्तानपुर प्रशासन व अमेठी के 11 गांवों की भूमि अधिग्रहीत करने के लिए अमेठी जिला प्रशासन को पत्र भेजा गया है।
सुल्तानपुर के मुख्य राजस्व अधिकारी शमशाद हुसैन ने बताया कि एनएचएआई के अधिकारियों के साथ बैठक करके अधिग्रहण पर चर्चा की जा चुकी है। मार्ग निर्माण से जगदीशपुर से अयोध्या तक आवागमन में सुविधा मिलेगी।
अधिग्रहण के बाद शुरू होगा निर्माण
एनएचएआई के परियोजना प्रबंधक नितिन चौधरी ने बताया कि जगदीशपुर से अयोध्या तक मार्ग को फोरलेन बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। भूमि अधिग्रहण के लिए तीनों जिलों के प्रशासन को पत्र भेजा गया है। भूमि का अधिग्रहण होने के बाद निर्माण शुरू होगा।