बल्दीराय के दक्खिन गांव के पास नहर में गिरी कार।
- फोटो : बल्दीराय के दक्खिन गांव के पास नहर में गिरी कार।
सुल्तानपुर। बल्दीराय के दक्खिन गांव के पास मंगलवार रात एक कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। दुर्घटना में कार सवार चार युवक नहर में डूब गए। ग्रामीणों ने मशक्कत कर तीन को बाहर निकाल लिया, जबकि एक युवक का पता नहीं चला।
नहर से निकाले गए तीनों युवकों को बल्दीराय सीएचसी पहुंचाया गया, जहां दक्खिन गांव निवासी मित्रसेन यादव (35) को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने बुधवार सुबह हलियापुर-कूरेभार मार्ग जाम कर करीब एक घंटे तक प्रदर्शन किया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
अयोध्या जिले के नीखी उपाध्याय मजरे बराहिनपुर निवासी संतोष उर्फ बिल्लू (42) व सुल्तानपुर के धमथुआ निवासी संतोष उर्फ लालू (38), पप्पू (42) व दक्खिन गांव निवासी मित्रसेन यादव (35) मंगलवार रात दक्खिन गांव में भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने के बाद कार से कहीं जाने के लिए निकले। दक्खिन गांव से कुछ दूरी पर नहर के पास से वे जा रहे थे। इसी बीच कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। इससे सभी लोग नहर में डूब गए। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने रात में ही संतोष उर्फ लालू, संतोष उर्फ बिल्लू व मित्रसेन को किसी तरह कार से बाहर निकाल लिया। सभी को सीएचसी बल्दीराय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने मित्रसेन को मृत घोषित कर दिया। अन्य दो घायलों का इलाज चल रहा है।
बुधवार सुबह तक पप्पू का पता नहीं चलने से नाराज नीलेश यादव, रामचंद्र सहित बड़ी संख्या में लोगों ने हलियापुर-कूरेभार मार्ग पर जग्गी बाबा की कुटी के पास जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर बल्दीराय पुलिस ने पहुंचकर लोगों को समझाया और गोताखोरों के जरिये नहर में खोजबीन कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम खुल सका। बल्दीराय थानाध्यक्ष नारद मुनि सिंह ने बताया कि पप्पू की खोजबीन में गोताखोरों और एसडीआरएफ को लगाया गया है। मित्रसेन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।