भदैंया के हनुमानगंज बाईपास के रेलवे ओवर ब्रिज के पास सड़क धंसने पर डाला गया पत्थर। संवाद
भदैंया। हनुमानगंज बाईपास के रेलवे क्रॉसिंग ओवर ब्रिज के पास सुल्तानपुर-वाराणसी फोरलेन का कुछ हिस्सा मंगलवार को फिर से धंस गया। फोरलेन धंसते ही क्षतिग्रस्त हिस्से पर वाहनों का आवागमन पत्थर डालकर बंद कर दिया गया है। आठ माह में दूसरी बार सड़क धंसने से निर्माण की गुणवत्ता की पोल खुल गई है।
15 जुलाई 2025 को ओवर ब्रिज से आवागमन शुरू हुआ था। संचालन के दो माह बाद ही ब्रिज के पास सड़क के एक लेन का हिस्सा धंस गया था। एनएचएआई ने आवागमन बंद करते हुए क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कराया था। करीब 43 करोड़ रुपये से तैयार ओवरब्रिज के शंभूगंज लिंक मार्ग के पास फोरलेन के पूर्वी लेन का कुछ हिस्सा बैठ गया। एनएचएआई के अधिकारी इसे फर्म की 10 साल की मरम्मत गारंटी का हवाला देकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहे हैं। फर्म ने क्षतिग्रस्त हिस्से पर पत्थर डालकर मरम्मत का काम शुरू कर दिया है।
फर्म की 10 साल की गारंटी
एनएचएआई वाराणसी के परियोजना प्रबंधक प्रवीन कटियार ने बताया कि फोरलेन का निर्माण करने वाली फर्म की 10 साल की गारंटी है। इस बीच सड़क क्षतिग्रस्त होने पर फर्म दुरुस्त कराएगी। जल्द सड़क को दुरुस्त कर आवागमन बहाल कर दिया जाएगा।