भदैंया (सुल्तानपुर)। मिश्रपुर पुरैना गांव में बुधवार को भूमि विवाद में विपक्षियों ने एक कुनबे पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इस हमले में दंपती समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के मिश्रपुर पुरैना गांव निवासी जगमोहन यादव और पांचू राम यादव के बीच बुधवार को भूमि विवाद को लेकर कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इस बीच जगमोहन आदि ने पांचूराम (62) पर हमला कर दिया।
पति को बचाने पहुंची पत्नी सोना (57), बेटे लल्लन और पुत्र वधू कुसुम (28) को भी पीटा गया। घायलों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सोना देवी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पांचूराम की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।