सुल्तानपुर। पिदले दो-तीन दिनों से छिटपुट बारिश के बाद बृहस्पतिवार को जिले के कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई। करीब 40 मिनट तक तेज बारिश से मौसम खुशगवार हो गया। बारिश के दौरान बिजली गिरने से लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के पठखौली गांव में एक राजमिस्त्री गंभीर रूप से झुलस गया। उसे लंभुआ सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
राजमिस्त्री की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। उधर, कोतवाली देहात थाने के फतेहपुर गांव में सुबह हुई बारिश के दौरान बिजली गिरने से एक भैंस समेत दो मवेशी घायल हो गए। बृहस्पतिवार को सुबह के समय से ही आसमान में बादलों ने डेरा डाले रखा। सुबह कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई।
दोपहर बाद मौसम का मिजाज अचानक बदल गया और फिर आसमान में काली घटा छा गई। थोड़ी देर में तेज बारिश शुरू हो गई। शहर से सटे पयागीपुर समेत कई क्षेत्रों में करीब 40 मिनट तक हुई झमाझम बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिल गई। पयागीपुर चौराहे पर जलभराव हो जाने से लोगों को आवाजाही में खासी परेशानी हुई।
बारिश से मौसम खुशगवार हो गया। लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के पठखौली गांव में तेज बारिश के दौरान राजमिस्त्री रामकुमार (45) पर बिजली गिर पड़ी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवारीजन गंभीर हालत में उसे सीएचसी लंभुआ ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
उधर, कोतवाली देहात थाने के पखरौली फतेपुर गांव निवासी तुलसीराम भार्गव के पशुशाला की टिनशेड पर बृहस्पतिवार को सुबह करीब छह बजे रिमझिम बारिश के बीच अचानक बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आकर एक भैंस सहित दो पशु आंशिक रूप से घायल हो गए। उस समय घर के सभी लोग सो रहे थे।
आज भी बारिश होने का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में आसमान में मध्यम से घने बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम थपर्यवेक्षक अमरनाथ मिश्र ने बताया कि बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम में आर्द्रता (नमी) 95-73 फीसदी रही। दक्षिणी-पुरवा हवा की गति 4.2 किमी/घंटे रिकॉर्ड की गई।
जायद की फसलों में लौटी हरियाली
बारिश से जायद की सभी फसलों में हरियाली लौट आई है। धान की नर्सरी, सब्जी की फसल, पशुओं के चारे समेत जायद की सभी फसलों को बारिश से फायदा पहुंचा है। खेतों में नमी बढ़ जाने से किसान जोताई कराने में जुट गए हैं। बारिश से धान की नर्सरी तैयार करने के कार्य में भी तेजी आ गई है।