सुल्तानपुर। चार साल के लंबे इंतजार के बाद शुक्रवार को गोमती नदी पर बनने वाले गोलाघाट पुल का शिलान्यास हुआ। भाजपा विधायक विनोद सिंह ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर निर्माण की आधारशिला रखी। इसके बाद निर्माणदायी संस्था सेतु निगम ने निर्माण प्रक्रिया शुरू कर दी है।
शहर से गुजरी गोमती नदी पर संचालित गोलाघाट पुल के बगल नया दो लेन पुल बनाने के लिए चार साल से प्रयास किया जा रहा था, लेकिन शासन से मंजूरी नहीं मिल पा रही थी। जाम की समस्या को देखते हुए बीते वित्तीय वर्ष में सुल्तानपुर विधायक ने नया पुल बनाने का प्रस्ताव दिया था।
सेतु निगम ने डीएम के निर्देश पर प्रस्ताव शासन को भेजा था। शासन ने दो पुल निर्माण की स्वीकृति देते हुए 37.63 करोड़ रुपये आवंटित कर दिया। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद भाजपा विधायक विनोद सिंह, जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा, नगरपालिका अध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल ने गोमती नदी के किनारे विधिवत मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन किया। निर्माण के लिए पांच ईंट रखी। विधायक ने कहा कि जाम की समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को समस्या से अवगत कराया गया था। पुल जल्द बनकर तैयार हो जाएगा, जिससे जाम की समस्या खत्म होगी।
कार्यक्रम को अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया। इस मौके पर दिनेश सिंह, राजेश पांडेय, श्याम बहादुर पांडेय, रेखा निषाद, पूजा कसौंधन, प्रवीण मिश्रा, सेतु निगम के अधिकारियों समेत अन्य मौजूद रहे।