सुल्तानपुर। स्वयं सहायता समूह की 28 महिलाएं ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर लाइट की दुकानों का संचालन करेंगी। इन सामानों की बिक्री से दुकान संचालक महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकेंगी। इसके लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की ओर से महिलाओं के चयन की प्रक्रिया चल रही है।
एनआरएलएम की ओर से प्रत्येक ब्लॉकों में समूह की दो महिलाओं का चयन किया जाएगा। अभी तक समूह की 21 महिलाओं का चयन किया गया है। दूबेपुर ब्लॉक में अभी तक किसी महिला का चयन नहीं किया जा सका है, जबकि धनपतगंज, कूरेभार, कुड़वार, लंभुआ व पीपीकमैचा में एक-एक का चयन हुआ है।
इन ब्लॉकों में सात महिलाओं का चयन दुकान संचालन के लिए किया जाना है। सात अन्य ब्लॉकों अखंडनगर, कादीपुर, करौंदीकलां, दोस्तपुर, मोतिगरपुर, जयसिंहपुर, भदैंया व बल्दीराय में चयन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। जिला मिशन प्रबंधक नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि चयन के बाद दुकान संचालन की प्रक्रिया चल रही है। तीन महिलाओं ने दुकान का संचालन शुरू कर दिया है। इन दुकानों से सोलर लाइटों की मरम्मत के लिए समूह की प्रशिक्षित महिलाओं को संबद्ध किया जाएगा। मरम्मत से प्रशिक्षित महिलाओं को भी आमदनी होगी।