सुल्तानपुर। दिल्ली के पूर्व मंत्री सोमनाथ भारती, पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन व सह आरोपी कवि कुमार विश्वास के खिलाफ एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रहे मामले में बुधवार को आरोपियों के गैरहाजिर रहने से कार्यवाही बाधित रही। स्पेशल मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा की अदालत ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ समन जारी कर उन्हें पांच अक्तूबर के लिए तलब किया है।
अमेठी के स्थानीय कोतवाली के तत्कालीन थाना प्रभारी मो.हमीद ने पांच मई 2014 की घटना बताते हुए आम आदमी पार्टी के नेता सोमनाथ भारती, कुमार विश्वास, सत्येंद्र जैन सहित अन्य के खिलाफ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन समेत अन्य आरोपों में स्थानीय कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। तीनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने चार्जशीट पेश की है। (संवाद)